सरकार ने पिछले 5 वर्षो में पुरुष हॉकी टीम पर 65 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए : अनुराग ठाकुर



नई दिल्ली, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि सरकार ने खेल से संबंधित 20 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर 103.98 करोड़ रुपये मंजूर करने के अलावा पिछले पांच वर्षों में भारतीय पुरुष हॉकी टीम पर 65 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं।

उन्होंने कहा कि यह पैसा कोचिंग कैंपों, विदेशी प्रतियोगिताओं, घरेलू प्रतियोगिताओं आदि पर खर्च किया गया।

राज्यसभा में अनुराग ठाकुर ने एक लिखित जवाब में कहा, 2016 -17 से 2020-21 तक अर्थात बीते पांच वर्षों के दौरान सीनियर हॉकी पुरुष टीम पर 45.05 करोड़ रुपये और जूनियर हॉकी पुरुष टीम पर 20.23 करोड़ रुपये कोचिंग कैंप, विदेशी प्रतियोगिताओं, घरेलू प्रतियोगिताओं, कोचों के वेतन, उपकरण आदि पर खर्च किए गए हैं।

उन्होंने कहा, इसके अलावा, 2016-17 से खेलो इंडिया योजना के तहत हॉकी के लिए 103.98 करोड़ रुपये की 20 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

बता दें कि सीनियर पुरुष हॉकी टीम ने तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में जर्मनी को 5-4 से हराकर 2020 टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। यह एक ऐतिहासिक जीत थी, क्योंकि भारतीय हॉकी टीम ने 41 साल के अंतराल के बाद ओलंपिक में पदक जीता था।

–आईएएनएस

एकेके/एएनएम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button